स्टे आर्डर के बाद भी अवैध कब्जे का शिक्षक ने लगाया आरोप

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र के रसूलपुर (नवकापुरा) में अदालती आदेशों को ठेंगा दिखाकर एक शिक्षक की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक मुनीब सिंह पटेल का आरोप है कि न्यायालय के स्टे ऑर्डर जारी होने के बावजूद दबंग ग्रामप्रधान व प्रधानपति अपने बाहुबल के दम पर अपने व्यक्तिगत रास्ते के लिए उनकी आराजी नंबर-159 में जबरन खड़ंजा व आरसीसी रोड का निर्माण करा रहे हैं।

मामले में न्यायालय ने 19 अगस्त 2026 को थानाध्यक्ष रौनापार को स्टे ऑर्डर के अनुपालन का नोटिस भी भेजा था, लेकिन पीड़ित का कहना है कि पुलिस उल्टा दबंगों का साथ दे रही है। आरोप है कि 19 जुलाई की रात दबंगों ने निर्माण का विरोध करने पर खेत में बोई फसल पर ईंटें फेंककर भारी नुकसान पहुंचाया। हद तो तब हो गई जब 31 अगस्त को थानाध्यक्ष खुद 21 पुलिसकर्मियों और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्टे के बावजूद जमीन की नापी कराकर निर्माण का दबाव बनाने लगे। प्रशासनिक और पुलिसिया साठगांठ से परेशान पीड़ित शिक्षक मुनीब सिंह पटेल ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *