हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया शुरू

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हज 2027 की तैयारी कर रहे आजमगढ़ सहित क्षेत्र के हज यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के सर्कुलर नंबर-10 के अनुसार चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आजमगढ़ जिला हज ट्रेनर मोहम्मद अफजल आज़मी ने सभी चयनित हज यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर मेडिकल जांच पूरी कराने और जरूरी दस्तावेज जमा करने की अपील की है, ताकि आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
हज यात्रा के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण चयन के समय यानी स्टेज-1 में होगा, जबकि दूसरा चरण बाद में टीकाकरण और अंतिम मेडिकल जांच के दौरान पूरा किया जाएगा। प्राइमरी मेडिकल स्क्रीनिंग किसी भी सरकारी अस्पताल के अधिकृत सरकारी एलोपैथिक मेडिकल ऑफिसर से कराना अनिवार्य बताया गया है। मेडिकल जांच के बाद निर्धारित प्रारूप के अनुसार फिटनेस सर्टिफिकेट प्राप्त करना होगा।
प्राइमरी मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस सर्टिफिकेट, परिशिष्ट-1 के अनुसार। पे-इन स्लिप अथवा ऑनलाइन भुगतान की रसीद की कॉपी। मेडिकल जांच से संबंधित सभी मूल रिपोर्ट सभी हज यात्रियों को तैयार रखने होंगे
सभी चयनित हज यात्री अपने आवश्यक दस्तावेज हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करें अथवा 15 सितंबर 2026 तक संबंधित स्टेट/यूटी हज कमेटी में दस्तावेजों की भौतिक प्रतियां जमा करना सुनिश्चित करें।
हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार न करते हुए समय रहते अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग और दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। मेडिकल सर्टिफिकेट और सभी जांच रिपोर्टों की मूल प्रतियां सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। स्टेज-2 के दौरान टीकाकरण और अंतिम मेडिकल स्क्रीनिंग के समय इन्हें मेडिकल टीम के सामने प्रस्तुत करना होगा।
निर्देशों के अनुसार यदि कोई उम्मीदवार मेडिकल जांच में मेडिकली अनफिट पाया जाता है तो उसकी हज यात्रा की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी छिपाने या गलत जानकारी देने की स्थिति में जमा राशि की जब्ती के साथ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। हज ट्रेनर मोहम्मद अफजल आजमी ने सभी हज यात्रियों से अपील की है कि वे 15 सितंबर से पहले अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी कराकर सभी आवश्यक दस्तावेज समय से जमा करें, ताकि हज यात्रा की आगामी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *