मुकदमा विचाराधीन विवादित भूमि पर पट्टे का आरोप

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के पूक (पुष्पनगर) गांव में विवादित भूमि पर कथित रूप से अपात्र व्यक्ति को पट्टा दिए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पट्टा प्रक्रिया में लेखपाल, कानूनगो और ग्राम प्रधान की कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पूक निवासी राधा राजभर पत्नी लालचंद राजभर के नाम नवीन परती भूमि के गाटा संख्या 986 में पट्टा किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि को लेकर वर्ष 2023 से जयचन्द बनाम सरकार के नाम से दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि विवादित भूमि पर जयचन्द राजभर का पहले से मंडहा भी रखा हुआ है।
मामले में उस समय स्थिति और गंभीर हो गई, जब मार्टीनगंज तहसील के राजस्व कर्मी पुलिस बल के साथ कथित रूप से पैमाइश और सीमांकन करने पहुंचे। जयचन्द राजभर का आरोप है कि उन्हें इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई और राजस्व टीम सीमांकन कर वापस चली गई।
इसके बाद जयचन्द राजभर ने तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज को प्रार्थना पत्र देकर विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले मामले की स्थिति स्पष्ट कराने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। पीड़ित जयचन्द राजभर ने जिलाधिकारी आजमगढ़ एवं उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *