आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। परीक्षाओं में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार और पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में बुधवार को यूथ कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिओम उपाध्याय के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर अंबेडकर पार्क पर धरना-प्रदर्शन किया।
यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि देश के भविष्य और युवाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे निहत्थे छात्रों पर प्रशासन द्वारा लाठियां बरसाना, आंसू गैस के गोले छोड़ना और पैलेट गन और एके 47 का इस्तेमाल, हिंसक बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर इस प्रकार का रुख यह दर्शाता है कि व्यवस्था युवाओं के जायज सवालों से डर रही है।
यूथ कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि देश के युवाओं और किसानों पर हो रहे दमन के बाद उन्हें पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
इस अवसर पर अमर बहादुर यादव, दर्शन ऋषि, तुषार सिंह, विशाल दुबे, विवेक राय, सोनू यादव, अमित पांडेय, राजन यादव, रिपुदमन बरनवाल, अजय पांडेय, नीरज यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार