सपा के गढ़ में ही क्यों पकड़े जा रहे आतंकी: ओमप्रकाश

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत पत्रकार वार्ता कर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आजमगढ़ में एटीएस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए सवाल उठाया कि आखिर समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले इलाके से ही बार-बार आतंकी क्यों पकड़े जाते हैं।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एटीएस ने जो कार्रवाई की है, वह देश और समाज के हित में है। उन्होंने कहा कि एटीएस टीम ने देशहित में सराहनीय काम किया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुख इस बात का है कि सपा के गढ़ में ही आतंकवादी पकड़े जा रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि समाजवादी पार्टी के नेताओं का संरक्षण उन्हें मिलता रहा होगा।
दरअसल, उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आजमगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार गिरफ्तार युवक पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने तथा युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहा था।
एटीएस की जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद शेख पुत्र रेहान अहमद, थाना निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर (संजरपुर) गांव का निवासी है। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक निगरानी के बाद एटीएस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *