भाईचारा कायम करने के उद्देश्य से निकाली गयी है यात्रा: वीरेन्द्र चौधरी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष पूर्वी जोन वीरेंद्र चौधरी विधायक के नेतृत्व में कुशीनगर से चलकर मंगलवार को पांचवे दिन आजमगढ़ पहुंची भारत जोड़ो यात्रा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आरंभ हुई।
बाबा साहब की प्रतिमा पर प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी विधायक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मणीन्द्र मिश्र सचिव मनोज कुमार गौतम एवं अहमद शमशाद तथा आजमगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने माल्यार्पण किया। तत्पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। भारत जोड़ो यात्रा डीएवी कालेज काली चौरा बड़ादेव चौक तकिया पहाड़पुर शिब्ली कालेज ब्रम्हस्थान भंवरनाथ अनवरगंज शेहदा मिरिया कंधरापुर होते हुए कप्तानगंज पहुंची। उसके बाद अंबेडकर नगर के लिये रवाना हो गयी। मीडिया से बातचीत करते हुए वीरेंद्र चौधरी विधायक ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आपसी प्रेम सद्भाव भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। विगत 8 वर्षों से जब से बीजेपी की सरकार बनी है पूरे देश में नफरत का माहौल है नफरत को समाप्त करने और भाईचारा कायम करने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गयी है। जिस तरह राहुल गांधी की यात्रा में लाखों लोग प्रतिदिन जुड़ रहे हैं उससे ऐसा लग रहा है यह यात्रा अकेले राहुल गांधी की यात्रा नहीं पूरे देश की यात्रा बन गयी है। मीडिया के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होने कहा चुनाव में हार जीत लगी रहती है इस यात्रा को चुनाव से जोड़कर देखना उचित नहीं है। यात्रा के माध्यम से महंगाई बेरोजगारी आदि मुद्दों पर जनता से सीधा संवाद हो रहा है। लोकतंत्र में जब विपक्ष की आवाज दबायी जाने लगे और सरकार तानाशाही पर उतारू हो जाय। मीडिया का भी साथ नहीं मिल रहा हो ऐसे में जनता के बीच जाकर अपनी बात रखना ही एकमात्र रास्ता है। यह भारत जोड़ो यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह, सुशील सिंह, मुन्नू यादव, चन्द्रपाल यादव, मिर्जा शानेआलम वेग, रामअवध यादव, सुरेन्द्र सिंह, शीला भारती सहित भारी संख्या में काग्रेसी उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *