चालक की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव निवासी आनंद राजभर पुत्र फिरतु राजभर 14 वर्ष की बीते बुधवार को स्कूल जाते समय गोरहरपुर के समीप सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद सोमवार को पकरडीहा गांव से सैकड़ो की संख्या में परिजन व ग्रामीण अतरौलिया थाने के गेट पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक स्कूल बस चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई और न ही पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की गई।
मृतक के पिता फिरतू राजभर ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि मेरा परिवार अत्यंत गरीब है। मेरा पुत्र आनंद बहुत ही कुशाग्र और पढ़ने में तेज था। उसकी मृत्यु के बाद हमें काफी सदमा लगा है। आज अपने समाज के लोगों के साथ थाना परिसर पहुंचकर अपनी मांगे रख रहे हैं जिसे पूरा होने पर हम अपना सामान्य जीवन यापन कर पाएंगे। पीड़ित परिवार की मांग है कि बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी की जाय, पीड़ित परिवार को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए, तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, तथा गरीब परिवार को एक सरकारी आवास दिलाया जाए।
धरना लगभग एक बजे शुरू हुआ जो एसडीएम बूढ़नपुर अभयराज पांडे तथा क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी के पहुंचने पर परिजनों से शान्ति पूर्ण वार्ता कर समाप्त हुआ। क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि मामला लगभग 2 दिन पहले का है। आनंद राजभर नाम का लड़का स्कूल से लौट रहा था जिसको एक स्कूल बस से टक्कर लगी और उसको काफी चोटें लगी। इलाज हेतु जब उसको हॉस्पिटल ले जाया गया तो उसकी मृत्यु हो गई थी। मुकदमा लिख लिया गया था इसकी सारी कार्रवाई चल रही है। आज मृतक के परिजन और उसके गांव वाले काफी संख्या में आए और उनकी अलग-अलग मांग थी, उनकी मांग को लिया गया है। मौके पर एसडीएम भी मौजूद थे। इनकी सरकारी नौकरी की मांग है, आवास की मांग है तथा एक करोड़ मुआवजे की मांग है। सभी बिंदुओं पर बातें हुई है सहानुभूति तरीके से लोगों को समझाया गया है। इस पर जो भी मदद हमारी तरफ से हो सकती है उसे किया जाएगा। मामले में कुछ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *