फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर तहसील के कनेरी ग्राम पंचायत के गाटा सख्या 1002 पोखरी में मत्स्य पालन के लिए प्रस्तावित किये जाने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील फूलपुर परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नीलामी अधिकारी नायब तहसीलदार फूलपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर गांव की पोखरी को मत्स्य पालन के लिए आवंटित न किये जाने की मांग किया।
ग्रामीणों का कहना है कि कनेरी गांव के गाटा संख्या 1002 की सार्वजनिक पोखरी है। इस पोखरी से गांव के 12 पूरवे के लोग फसलों की सिचाई भी करते हैं। माइनर के बगल में होने के कारण इस पोखरी में हमेशा पानी रहता है। अगल बगल के गांव डारीडीहा, खोजापुर, कतरानूरपुर, गोबरहा आदि गांवों के बरसात का पानी का भी निकासी इसी पोखरी में होता है। कनेरी गांव के लोगो ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए मत्स्य पालन के लिए प्रस्तावित पोखरी को आवंटित न किये जाने की मांग किया। इस सम्बंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। नीलामी रोकना हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उपजिलाधिकारी के समक्ष समस्त अभिलेख प्रस्तुत किया जाएगा, अंतिम निर्णय उन्हीं का होगा। इस अवसर पर प्रधान अनरसी यादव, श्रीप्रकाश पाण्डेय, राम सिंह यादव, शोयब अहमद, मिथिलेश कुमार राय, चंद्रभान सिंह, नरेंद्र पाण्डेय, लालता प्रजापति, पन्ना लाल, राजेश राय, घनश्याम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय