फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र में रसोई गैस संकट से उपभोक्ताओं को महीनों बाद भी राहत नहीं मिल सकी है। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र के विभिन्न गैस गोदामों पर आज भी उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। आलम यह है कि उपभोक्ता खाली सिलेंडर लाइन में लगाकर खुद छाया की तलाश में खड़े रहने को मजबूर हैं।
हालांकि ऑयल कंपनियों की ओर से प्रतिदिन ट्रकों के माध्यम से गैस आपूर्ति की जा रही है और डिलीवरी वाहनों से वितरण भी संचालित है, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय उपभोक्ता मो. हसीब, मो. कैफ, मो. आमिर, सुफियान, आशीष पाल, राजकुमार मोदनवाल और दीपक मोदनवाल ने बताया कि पहले गैस एजेंसियां खाली सिलेंडर के बदले तुरंत भरा सिलेंडर दे देती थीं। उस समय न केवाईसी की अनिवार्यता थी और न ही ऑनलाइन बुकिंग की बाध्यता, जिससे लोगों को काफी सहूलियत रहती थी।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि यदि पहले ही केवाईसी और ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया होता तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। वर्तमान में नेटवर्क समस्या के चलते न तो केवाईसी हो पा रही है और न ही गैस बुकिंग, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की गई है। अब शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए अस्थायी कनेक्शन के तहत सुरक्षा राशि जमा कर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे बाद में बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए उपजिलाधिकारी की स्वीकृति और आपूर्ति निरीक्षक की जांच अनिवार्य होगी।
इस संबंध में फूलपुर इंडेन गैस सेवा के प्रबंधक पवन कुमार अस्थाना ने बताया कि डिपो से नियमित आपूर्ति हो रही है और बुकिंग के आधार पर गैस की डिलीवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा केवाईसी और ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य किए जाने के कारण फिलहाल कुछ दिक्कतें हैं, लेकिन सभी उपभोक्ताओं की केवाईसी पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी और कतारों से भी राहत मिलेगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय