आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिब्ली नेशनल कॉलेज में भौतिकी विभाग द्वारा “न्यूक्लियर अभिक्रियाओं एवं न्यूक्लियर रिएक्टरों का परिचय” विषय पर एक उच्च स्तरीय शैक्षणिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में न्यूक्लियर विज्ञान के मूल सिद्धांतों तथा रिएक्टर प्रौद्योगिकी में हो रहे नवीन विकासों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. अरशद कमाल द्वारा किया गया। संगोष्ठी का शुभारंभ डॉ. अज़ीज़ुर्रहमान द्वारा क़ुरआन की तिलावत से किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. सिराज अहमद अंसारी (रेडियोकेमिस्ट्री प्रभाग, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, मुंबई) का स्वागत शिब्ली नेशनल कॉलेज के प्रबंधक अतहर रशीद ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर किया। वहीं भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. सैयद ताहिर हुसैन ने अतहर रशीद का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
डॉ. सिराज अहमद अंसारी ने न्यूक्लियर रिएक्टरों के मूल सिद्धांतों, विशेष रूप से प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भारत के न्यूक्लियर ऊर्जा कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में प्रवेश की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रो. इमरान अज़ीज़, प्रो. सैयद ताहिर हुसैन, प्रो. मोहम्मद खालिद, डॉ. मोहम्मद सुलेमान, डॉ. अरशद कमाल, डॉ. बेलाल उस्मानी, डॉ. ताहिर हुसैन, डॉ. अज़ीज़ुर्रहमान तथा डॉ. सुहैल अहमद सिद्दीकी उपस्थित थे। संचालन डॉ. अरशद कमाल ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार