टैंपो-एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, कई घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के देवगांव-जिवली मार्ग पर राजेपुर हदीसा गांव के मोड़ के निकट शुक्रवार को जिवली से देवगांव जा रहे सवारी टैंपो और देवगांव से जौनपुर जा रही निजी मारुति एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टैंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने उपचार के दौरान 50 वर्षीय सुनीता मिश्रा पत्नी इंद्र प्रकाश निवासी गोड़हरा बरदह तथा 24 वर्षीय अंगद पुत्र जयकिशुन निवासी कुड़िहर, बरदह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त टैंपो और मारुति एम्बुलेंस को पुलिस ने सड़क किनारे कराया। टैंपो चालक रुस्तम पुत्र मोहम्मद असलम निवासी गिरधरपुर थाना देवगांव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं टैंपो में सवार 45 वर्षीय कमला देवी पत्नी राजकुमार निवासी रेतवा चंद्रभानपुर थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया।
सुनीता मिश्रा बैंक के कार्य से गोसाईगंज जा रही थीं। उनके पति विदेश में निजी कार्य करते हैं। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं अंगद घर से दवा लेने देवगांव जा रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही मां बिंदु देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंगद के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतका सुनीता मिश्रा के पुत्र रितेश मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एम्बुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *