बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक घायल

शेयर करे

कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बच्चों के बीच खेल-खेल में शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के तीन लोगों ने 8 वर्षीय बालक के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घायल बालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कस्बा निवासी रिंकू सोनी का 8 वर्षीय पुत्र आयुष सोनी गुरुवार की शाम करीब छह बजे ढोड़ई दास की कुटी के पास अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आयुष और दूसरे बच्चे के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद की जानकारी मिलने पर बादशाह पुत्र मंसूर, करीम पुत्र मंसूर तथा मंसूर पुत्र महबूब मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने बालक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार बालक को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें लगी हैं, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपितों के विरुद्ध पुलिस को सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-विजय कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *