लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सत्यम गौड़ निवासी कटघर लालगंज तथा विशाल कुमार निवासी रामपुर बढौना, थाना मेहनगर के रूप में हुई है। दोनों मोटरसाइकिल चोरी के कई मामलों में भी आरोपित रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 नवंबर को थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और निरीक्षक योगेन्द्र सिंह यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को हाईवे ब्रिज के पास से सुबह गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सत्यम गौड़ के विरुद्ध देवगांव थाने में मारपीट, धमकी और मोटरसाइकिल चोरी समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विशाल कुमार के विरुद्ध मोटरसाइकिल चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, निरीक्षक योगेन्द्र सिंह यादव, कांस्टेबल सतिभान सिंह, सुमान प्रभात राय, नितीश राजभर, शशिकान्त, नितीश कुमार तथा महिला कांस्टेबल प्रतिभा मिश्रा शामिल रहीं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद