तूफानी हवाओं से पेड़ व बिजली पोल धराशायी

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवा के चलते क्षेत्र में जगह-जगह पेड़, विद्युत पोल और तार धराशायी हो गए। इससे कई इलाकों में घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं दीदारगंज-शाहगंज रेलमार्ग पर पेड़ गिरने से दिल्ली जाने वाली कैफियात एक्सप्रेस को दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा।
रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाया। इसके बाद रेल यातायात सुचारु हो सका और कैफियात एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया।
उधर, विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय कर्मचारियों ने भी देर रात तक अभियान चलाया। जहां पेड़ों के कारण विद्युत लाइन बाधित थी, वहां पेड़ों को कटवाकर रास्ता साफ किया गया। गिरे हुए विद्युत पोल के आसपास तार व जंफर काटकर प्रभावित हिस्से को अलग किया गया और शेष क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल की गई। क्षेत्र के कई हिस्सों में शाम करीब चार बजे से रात 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार सुबह तक विद्युत कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों की निगरानी में जुटे रहे। टूटे पोलों को बदलने के लिए नए पोल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि पेड़ और विद्युत पोल गिरने से अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड फूलपुर आरके पांडेय ने बताया कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, वहां लाइन को ब्रेक कर अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। टूटे केबल और तारों को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *