आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठन को अधिक धार देने के लिए बड़े संगठनात्मक बदलाव किए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों ने गोरखपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
इस संगठनात्मक फेरबदल के तहत नंदलाल गोंड को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का आजमगढ़ जिलाध्यक्ष और अनिल गोंड को लालगंज का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। इसके अलावा, अनुसूचित जाति मोर्चा में एक बार फिर सौदागर भारती को आजमगढ़ जिलाध्यक्ष और अरविंद कन्नौजिया को लालगंज जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, तारकेश्वर सिंह को किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष तथा अलका सिंह को महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जैसे ही नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा हुई, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और फूल-मालाएं पहनाकर अपनी खुशी का इजहार किया। ऐसा माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा जनजातीय समाज के मुद्दों को और भी प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार