अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र स्थित निरीक्षण भवन में जनसुनवाई की। फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी 29 नवंबर को आजमगढ़ जिला मुख्यालय स्थित आईटीआई मैदान में होने वाली विशाल रैली में जिले की सभी दस विधानसभा क्षेत्रों से एक लाख से अधिक लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली पूर्वांचल की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगी।
ओमप्रकाश राजभर ने सपा के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा में अखिलेश यादव के अलावा कोई ऐसा कद्दावर नेता नहीं है, जो अपने समाज के लोगों को बड़े पैमाने पर पार्टी से जोड़ सके। उन्होंने सवाल किया कि राजभर, चौहान, पाल, प्रजापति, पटेल और निषाद समाज में सपा के पास ऐसा कौन सा नेता है, जो अपने समाज का व्यापक समर्थन हासिल कर सके।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव किसी दूसरे नेता को उभरने का मौका नहीं देना चाहते। इसके विपरीत एनडीए में अलग-अलग पिछड़े और दलित समाज के मजबूत नेता हैं। उन्होंने जयंत चौधरी, डॉ. संजय निषाद और अनुप्रिया पटेल का उदाहरण देते हुए कहा कि एनडीए में सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व वाले प्रभावशाली नेता मौजूद हैं। भाजपा अपने संगठन और काम के आधार पर भी जनता का भरोसा जीत रही है।
उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों को लेकर विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि जिन भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश हैं, उनकी तस्वीरें दिखाकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि नए विद्यालयों और अटल आवासीय विद्यालयों की तस्वीरें विपक्ष नहीं दिखाता।
69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में राजभर ने कहा कि हाईकोर्ट का जो भी फैसला आएगा, प्रदेश सरकार उसका अक्षरशः पालन करेगी। उन्होंने कहा कि जातीय गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अति-पिछड़ों को उनके अधिकार दिलाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद