ट्रांसफार्मर जलने से सैकड़ों घरों में अंधेरा

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के लोहरा डंडवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर फुंकने के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव के सैकड़ों घर अंधेरे में हैं। नाराज ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर जल्द ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की ओर से 24 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलने का दावा किया जाता है, लेकिन लोहरा डंडवा गांव में तीन दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। समस्या की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की स्थिति देखने तक नहीं आया। बिजली न होने से ग्रामीणों को उमस और गर्मी के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर मुकेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, अविनाश सिंह, आदित्य उपाध्याय, प्रतीक सिंह, पंकज सिंह, आनंद सिंह, रामबचन गौड़, अमित सिंह, शिवम गौड़, अंगद सिंह, परमहंस सिंह, मंगल सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी प्रवीन वर्मा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से क्षेत्र में कई ट्रांसफार्मर जले हैं। संबंधित ट्रांसफार्मरों की पीआर लगा दी गई है। लोहरा डंडवा गांव में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए भेजा जा रहा है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *