सपा बूथ अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं पर लगाया मारपीट करने का आरोप

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र निवासी सपा बूथ अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
सपा का बूथ अध्यक्ष राहुल यादव का आरोप है कि सोशल मीडिया पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के संभावित प्रत्याशियों के सर्वे में विधायक नफीस अहमद की जगह किसी अन्य सपा नेता को अपनी पहली पसंद बताना उसे भारी पड़ गया। राहुल यादव के मुताबिक, सर्वे में अपनी पसंद बताने के बाद उन्हें फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। इसी मामले में वह शुक्रवार को अपने विधायक से सीधे बात करना चाहते थे।
आरोप है कि विधायक नफीस अहमद जनसंपर्क के दौरान अपने समर्थकों और अंगरक्षकों के साथ सैदपुर पहुंचे। राहुल का दावा है कि उसने विधायक से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन विधायक के अंगरक्षकों और समर्थकों ने उसे रोक दिया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि पूरी घटना विधायक की मौजूदगी में हुई, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना के बाद राहुल यादव ने शनिवार को महराजगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो भी थाना प्रभारी और मीडिया को उपलब्ध कराया। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *