सड़क हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग

शेयर करे

अतरौलिया/बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना क्षेत्र अंतर्गत अतरैठ बाजार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। हादसे में घायल बच्चे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। मासूम की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मूलरूप से अंबेडकर नगर जिले के लालमनपुर निवासी सनोज का चार वर्षीय पुत्र अभय वर्मा अतरौलिया थाना क्षेत्र स्थित पलया गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। वह अपनी मां के साथ दवा लेने के लिए चाचा के ई-रिक्शा से देउरपुर बाजार जा रहा था। ई-रिक्शा जैसे ही अतरैठ बाजार के समीप पहुंचा, तभी अचानक सड़क पर सामने आए एक अन्य बच्चे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में अभय के सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद आनन-फानन में परिजन व स्थानीय लोग घायल मासूम को लेकर बूढ़नपुर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही मां की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गूंज उठा। इकलौते बेटे के छिन जाने से परिवार का चिराग बुझ गया और इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *