1090 की तत्परता से सुरक्षित घर पहुंची रात में स्टेशन पर फंसी युवती

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 की सक्रियता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां देर रात खोरासन रोड रेलवे स्टेशन पर फंसी एक युवती को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ सुरक्षित घर पहुंचाया, बल्कि उसके परिजनों को भी भरोसा दिलाया।
फूलपुर तहसील क्षेत्र के मेजवा गांव निवासी खुशी प्रजापति ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 की तत्परता और संवेदनशीलता का अनुभव साझा करते हुए इसे महिलाओं के लिए भरोसेमंद सहारा बताया।
खुशी प्रजापति ने बताया कि 26 अप्रैल को वह जनपद मऊ के इंदारा से उत्तर प्रदेश होमगार्ड की परीक्षा देकर लौट रही थीं। बॉलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन के लेट होने के कारण रात करीब 10.45 बजे खोरासन रोड रेलवे स्टेशन पहुंचीं। पिता के दूसरे जनपद में होने और देर रात के चलते घर पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। ऐसे में उन्होंने हिम्मत कर 1090 महिला हेल्पलाइन पर कॉल किया। महज 10 मिनट के भीतर दरोगा सत्यनारायण राय दो महिला कांस्टेबलों के साथ वाहन लेकर स्टेशन पहुंचे और उन्हें सुरक्षित उनके घर मिजवां पहुंचाया। पुलिस टीम ने घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की, उन्हें आश्वस्त किया और खुशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खुशी ने कहा कि महिला सुरक्षा के बारे में बहुत सुना था, लेकिन इस तरह का सहयोग पहली बार अनुभव किया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *