फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड में नवागत खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पूर्व बीडीओ इशरत रोमेल के प्रतापगढ़ स्थानांतरण के बाद यह पद रिक्त चल रहा था। कुशीनगर से स्थानांतरित होकर आए फूलचंद सरोज ने सुबह करीब 11 बजे कार्यभार संभालते ही अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीडीओ ने फार्मर रजिस्ट्री के लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, आवास योजना में जॉब कार्ड मैपिंग सुनिश्चित करने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए गांवों में खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप व आरओ प्लांट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सामुदायिक शौचालयों की नियमित देखरेख पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने पंचायत भवनों पर प्रतिदिन कार्यालय खोलने, ग्राम पंचायत अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार गांवों में बैठकर ग्रामीणों के ऑनलाइन कार्य निस्तारित करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को ब्लॉक के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में गौरव यादव, राजेंद्र प्रसाद, राममिलन, राजीव मौर्य, संजय सिंह, विजयचंद, गुलाबचंद शर्मा, बृजेश, अरुण कुमार, सुनील कुमार, प्रशांत, रविंद्र, ओमप्रकाश, सोनू आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय