मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्म बाबा से बकेश होते हुए देवगांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन काफी कष्टदायक साबित हो रहा है। नहर विभाग द्वारा कोलाबा (कुलाबा) निर्माण के लिए सड़क को जगह-जगह काटकर छोड़ दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क की समुचित मरम्मत और पिचिंग नहीं कराई गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क काटने के बाद गड्ढों में भरी गई कच्ची मिट्टी अब धंस चुकी है। दिन के समय दोपहिया व चारपहिया वाहन चालक किसी तरह संभलकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में अचानक सामने आने वाले इन गड्ढों के कारण स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। अनजान वाहन चालक अक्सर अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नहर विभाग ने काम पूरा होने के बाद भी सड़क को वैसे ही छोड़ दिया है। रात के समय इस रास्ते से गुजरना काफी जोखिम भरा रहता है। जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से अनुरोध है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी