विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ रवाना हुए शिक्षक

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, निजीकरण पर रोक लगाने और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर अटेवा के आह्वान पर शुक्रवार को अहरौला ब्लॉक क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक लखनऊ के लिए रवाना हुए। शिक्षक लखनऊ स्थित इको गार्डन में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे।
शिक्षकों का जत्था फुलवरिया टोल प्लाजा के पास एकत्र हुआ। यहां से बसों और अन्य वाहनों के माध्यम से लखनऊ के लिए रवाना हुए। अटेवा के अहरौला ब्लॉक अध्यक्ष पन्नालाल यादव के नेतृत्व में शिक्षक प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे। शिक्षकों ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अहम विषय है। इसके अलावा निजीकरण के विरोध तथा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने समेत अन्य मांगों को लेकर भी संगठन लगातार आवाज उठा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित प्रदर्शन के माध्यम से वे अपनी मांगों को मजबूती से सरकार तक पहुंचाएंगे।
इस दौरान अटेवा के संगठन मंत्री विवेक सिंह, कोषाध्यक्ष सैफुल्लाह, शिक्षक राम प्रताप यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *