रिश्वत मांगने वाला उपनिरीक्षक गिरफ्तार

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र में तैनात फरिहा चौकी के उपनिरीक्षक परमात्मा यादव पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के नाम पर पीड़ित से 15 हजार की मांग की गई। शिकायतकर्ता द्वारा मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दिए जाने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी दरोगा परमात्मा यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज है कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी पर ही रिश्वतखोरी जैसे आरोप लगना बेहद गंभीर मामला है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए ताकि आम जनता का भरोसा कानून व्यवस्था पर बना रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *