आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एके पाण्डेय ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में पं.दीन दयाल उपाध्याय जी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 7 से 10 दिसम्बर तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय द्वारा सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ में राज्य स्तरीय सीनियर पुरूष हैण्डबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उत्तर प्रदेश के 18 मण्डल के लगभग 250 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। उक्त प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीम को खेल निदेशालय द्वारा अनुमन्य पुरस्कार विजेता टीम को 1000 रुपया प्रति खिलाड़ी एवं उपविजेता टीम को 800 रुपया प्रति खिलाड़ी को नगद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे होगा। उक्त प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु आजमगढ़ मण्डल टीम का जनपदीय चयन, ट्रायल 5 दिसम्बर एवं मण्डलीय चयन, ट्रायल 6 दिसम्बर को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जनपद के इच्छुक पुरूष हैण्डबाल खिलाड़ी उक्त चयन, ट्रायल में प्रतिभाग कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी हेतु किसी भी कार्यदिवस में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, आजमगढ़ में सम्पर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार