पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया) जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध सरैया बाजार में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेला धूमधाम से संपन्न हुआ। मेले में मां दुर्गा की तीन भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बाजार में जलेबी, चाट, पकौड़ी, केला सहित तरह-तरह की दुकानें सजी थीं। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए थे।
हालांकि, तमाम आकर्षणों के बावजूद इस बार मेले में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। इसका सीधा असर दुकानदारों की बिक्री पर पड़ा, जिससे उनके चेहरे पर मायूसी नजर आई। स्थानीय लोगों का मानना है कि बेमौसम बारिश और लगातार बढ़ती महंगाई के चलते मेले की रौनक फीकी पड़ गई। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार दुकानदारों की संख्या भी कम रही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष बिलरियागंज अतुल मिश्रा पुलिस बल के साथ लगातार मेले में चक्रमण करते रहे। वहीं मूर्ति आयोजक संगठनों की ओर से पूरे बाजार में प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई थी। कुल मिलाकर मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कम भीड़ और कमजोर बिक्री ने दुकानदारों को निराश किया।
रिपोर्ट-बबलू राय