मालगाड़ी की चपेट से व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर के पास रविवार की भोर में रेलवे पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से 51वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस द्वारा फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सरायमीर थाना क्षेत्र के टंडवा (राजापुर सिकरौर) गांव निवासी साहब लाल यादव उर्फ झिनक (51) पुत्र सर्वजीत यादव शनिवार की रात परिजनों से दवा लेने जाने की बात कह रहे थे। इस पर परिजनों ने उन्हें सुबह दवा लेने चलने की बात कही। लेकिन रविवार की भोर में साहब लाल बिना किसी को बताए घर से निकल गए।
इधर सुबह जब परिजन सोकर उठे तो साहब लाल घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान सरायमीर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पूर्वी छोर के पास पटरी पार करते समय साहब लाल आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से उन्हें फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक घर पर रहकर खेती-किसानी का कार्य करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *