विद्यालय प्रबंधन पर लगाया गंभीर आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तहबरपुर के संस्थापक कमेटी के पदाधिकारी स्व. विश्वनाथ राय के पुत्र एवं नई दिल्ली के सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निदेशक डा. राज नारायण राय ने सोमवार को तहबरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विद्यालय के वर्तमान प्रबंधन तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
डा.राय ने कहा कि उनके पिता स्व.विश्वनाथ राय ने शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के उच्च आदर्शों को ध्यान में रखकर इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था की स्थापना की थी। लेकिन वर्तमान समय में विद्यालय विभिन्न विवादों और कथित अनियमितताओं के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है, जो संस्थापक कमेटी के सपनों और क्षेत्र की शैक्षिक परंपरा के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के पालन को लेकर लगातार प्रश्न उठ रहे हैं। यदि समय रहते इन विषयों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो विद्यालय की प्रतिष्ठा के साथ-साथ विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
डा. राज नारायण राय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारी निजामाबाद को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संस्था की गरिमा और शैक्षिक वातावरण को बनाए रखा जा सके।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *