अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति जमीन पर उतरकर जनता के बीच रहने से होती है, न कि एसी कमरों में बैठकर ट्विटर चलाने और शगूफे छोड़ने से।
मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं को अफवाह बताते हुए राजभर ने कहा कि अपर्णा यादव भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हैं और विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में कुछ लोग पोस्टरबाजी, कुछ ट्विटर चलाने और कुछ केवल माहौल खराब करने का काम करते हैं।
आजमगढ़ में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन में दिखी गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की आंतरिक खींचतान और तानाशाही ही उसके पतन का कारण बनेगी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग प्रदर्शन इस बात का प्रमाण हैं कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर निषाद पार्टी प्रमुख डॉ. संजय निषाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजभर और निषाद समाज का वोट एक-दूसरे का पूरक है। इस बार अतरौलिया में पिछड़े वर्ग का मजबूत प्रत्याशी उतारने की जरूरत है।
कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल को याद दिलाया। श्री राजभर ने कहा कि सपा सरकार में अपराधी खुलेआम घूमते थे और प्रदेश दंगों की आग में झुलस रहा था। आज अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है तो विपक्ष वोट बैंक खिसकने के डर से परेशान है। मोदी सरकार को मजबूत बताते हुए कहा कि सरकार पूरी मजबूती के साथ देश सेवा में लगी हुई है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद