दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

शेयर करे

मार्टीनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपित विकास गिरी शनिवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा व बाइक बरामद हुआ। पुलिस को चकमा देकर दो आरोपी फरार हो गये। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद से ही पुलिस आरोपितों के पीछे लगी थी। वह कहीं भागने की फिराक में था। बरदह क्षेत्र में ही रात करीब 11 बजे उसका पुलिस से आमना सामना हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की लेकिन उसके फायर करने के कारण फोर्स को जवाबी गोली चलानी पड़ी। उसे फिलहाल घायल अवस्था में बरदह के निकट ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश विकास गिरी दरियापुर बसही का रहने वाला है। दुष्कर्म की घटना नौ सितंबर की शाम घटित हुई, जब एक किशोरी दूध पहुंचाने के लिए घर से बमुश्किल पांच सौ मीटर दूर एक व्यक्ति के यहां गयी थी। बरदह के बौवापार क्षेत्र अंतर्गत हजारेमलपुर की तरफ से विकास गिरी बाइक से आते दिखा तो पुलिस ने घेराबंदी की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व बाइक बरामद की है। घटना के दो अन्य आरोपित नितेश गौड़ और अजय गौड़ निवासी बसही दरियापुर फरार हैं, इन दोनों आरोपितों की भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *