रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, सजी राखी की दुकानें

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर अतरौलिया नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। त्योहार की तैयारियों को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। राखी, कपड़े, श्रृंगार, ज्वेलरी और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। अतरौलिया बाजार में जगह-जगह राखी की दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी और विभिन्न डिजाइन की राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियों की खरीदारी कर रही हैं। वहीं, कपड़े, श्रृंगार सामग्री, ज्वेलरी और मिठाई की दुकानों पर भी खूब चहल-पहल देखने को मिल रही है। ग्रामीण अंचलों में भी रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह है। दूर-दराज से लोग बाजार पहुंचकर त्योहार के लिए खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, महंगाई का असर भी खरीदारी पर दिखाई दे रहा है। बढ़ी कीमतों के कारण लोग बजट के अनुसार सामान की खरीदारी कर रहे हैं।
रक्षाबंधन के शुभ मुहूर्त को लेकर पंचपेड़वा आश्रम के महंत चंद्रेश दास जी महाराज ने बताया कि मुख्य मुहूर्त सूर्याेदय के बाद 9.33 बजे तक रहेगा। इसके बाद पूरे दिन शुभ मुहूर्त में रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा सकता है। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और बाजारों में बढ़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर लालगंज, देवगांव, निहोरगंज, गोसाईगंज, कंजहित, सिधौना आदि बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंग गये। बाजार की प्रमुख दुकानों से लेकर छोटी दुकानों तक रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की भरमार दिखाई दे रही है। राखियों से सजी दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक खरीदारों की भीड़ नजर आने लगी। भाई की कलाई पर प्यार और विश्वास का प्रतीक राखी बांधने के लिए बहनें अपनी पसंद की राखियां खरीदने में जुटी हुई देखी गई। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में इस बार राखियों की कई नई वैरायटी देखने को मिल रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, खिलौना, म्यूजिकल और रंग-बिरंगी राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं युवाओं के लिए स्टाइलिश, मोती, रुद्राक्ष, धागे और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां दुकानों पर उपलब्ध हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद/मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *