गोपालपुर में ‘ऑडियो बम’ से सियासी हलचल

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा से विधायक नफीस अहमद के लिए मुश्किलों का दौर दिखाई दे रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गोपालपुर की सियासत में एक के बाद एक विवादित मामले राजनीतिक माहौल को गरमा रहे हैं। सपा के बूथ अध्यक्ष राहुल यादव के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट का मामला, वायरल वीडियो और थाने में दी गई तहरीर का विवाद अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है।
वायरल ऑडियो में गोपालपुर विधायक नफीस अहमद और बिलरियागंज के एक व्यापारी के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में बातचीत के दौरान विधायक की ओर से कथित तौर पर व्यापारी को सख्त लहजे में बात करते हुए ‘होश में रहने’ और बिलरियागंज आने की बात कही जा रही है। बातचीत में एक व्यक्ति को अपना बड़ा भाई बताते हुए व्यापारी को कथित रूप से चेतावनी दिए जाने का मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। दावा किया जा रहा है कि व्यापारी ने बातचीत के दौरान अपनी बात रखने की कोशिश की, जिस पर विधायक कथित तौर पर नाराज हो गए। इसके बाद बातचीत का लहजा तल्ख हो गया। ऑडियो में कथित रूप से व्यापार करने के तरीके को लेकर भी टिप्पणी की गई है।
इन घटनाओं को लेकर सपा के भीतर भी असंतोष की चर्चाएं हैं। खासकर यादव वर्ग के एक हिस्से में नाराजगी होने की बातें राजनीतिक गलियारों में कही जा रही हैं। गोपालपुर की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल दिखाई देने लगी है। ऐसे में विधायक से जुड़े विवाद लगातार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रहे हैं।
सवाल यह भी उठ रहा है कि जनप्रतिनिधि और आम नागरिक के बीच संवाद का स्तर कैसा होना चाहिए? यदि वायरल ऑडियो वास्तविक है तो उसमें कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए सख्त और धमकी भरे लहजे को लेकर विधायक से स्पष्टीकरण की मांग उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल इतना जरूर है कि एक वायरल ऑडियो ने गोपालपुर की राजनीति में ऐसा ‘ऑडियो बम’ गिराया है, जिसकी गूंज सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच चुकी है। वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इसकी आवाज तथा पूरी बातचीत की सत्यता की जांच आवश्यक है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *