साइवर अपराध के प्रति पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत देवगांव पुलिस ने नूरजहां चिल्ड्रेन स्कूल दौना जेहतमंदपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के साथ साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, महिला उत्पीड़न के विरुद्ध कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा के उपाय और महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। छात्राओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की। छात्र- छात्राओं एवं उनके परिजनों को सलाह दी गई कि वे ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस टीम ने आपात स्थिति में 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090 व 1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क करने की जानकारी दी।
पुलिस ने छात्राओं में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर देवगांव कोतवाली पुलिस टीम के साथ हाजी अनीस अहमद, मोहम्मद हाशिम इसरार, हाजी अंसार अहमद आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *