अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल बाजार में रविवार रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
शंभूपुर (पूरा बाजार) निवासी नीरज गुप्ता पुत्र घुरहू बस्ती भुजबल बाजार में किराये के मकान में रहकर किराना दुकान संचालित करते हैं। रविवार की रात वह दुकान बंद कर लगभग 50 मीटर दूर एक बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 12 बजे लौटकर उन्होंने दुकान की जांच की और सब कुछ सामान्य पाकर घर चले गए।
सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा हुआ था और कैश बॉक्स गायब था। जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते सीढ़ी पर लगे पतरे को हटाकर अंदर घुसे थे। चोरों ने काउंटर में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, दो पेटी काजू और एक बोरी बादाम सहित लगभग 3 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर घटना का चौंकाने वाला तरीका सामने आया। फुटेज में दिखा कि रात करीब 1.40 बजे एक व्यक्ति पूरी तरह नग्न अवस्था में, पहचान छिपाने के लिए पहले चेहरे को कपड़े से बांधकर और फिर बाल्टी से सिर ढककर दुकान में घुसा और कैश बॉक्स लेकर फरार हो गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल के बगल में लगभग 20 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ स्थित है, जहां रात में भी दो गार्ड की ड्यूटी रहती है और वहीं पर अक्सर पूरी रात डायल 112 की गाड़ी भी खड़ी रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और अहरौला थाना टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे