अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तेजापुर (पेडुका बाबा) के पास शुक्रवार को हुए हादसे में मोटरसाइकिल के पहिये में साड़ी फंसने से गिरकर एक अधेड़ महिला की मौत हो गई।
जिले के ग्राम भलुवाई पोस्ट खानपुर भगतपट्टी थाना बिलरियागंज निवासी कालीशरन सिंह अपनी पत्नी माया सिंह 50 वर्ष और गांव के ही राशिद के साथ मोटरसाइकिल से गोसाईगंज, अयोध्या रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे अतरौलिया तेजापुर पेडुका बाबा के समीप पहुंचे, तभी पीछे बैठी माया सिंह की साड़ी अचानक बाइक के पहिए में फंस गई। संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर पड़ी और सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी राजा जयलाल सिंह सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लाए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति कालीशरन खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। उनके परिवार में एक बेटा रोशन और बेटी रोशनी है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पति भी इस घटना से काफी आहत है। पति बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही पत्नी का शव लेकर घर चला गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद