अतरौलिया विधानसभा से निषाद पार्टी ही लड़ेगी चुनाव: अनिल निषाद

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव अनिल निषाद के प्रथम गृह जनपद आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं से लाद कर उनका स्वागत दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया कट से लेकर अतरौलिया सर्किट हाउस तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
निरीक्षण भवन अतरौलिया में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश सचिव अनिल निषाद ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए दो टूक कहा कि अतरौलिया सीट निषाद पार्टी के कोटे की है और 100 फीसदी यहां से निषाद पार्टी का ही प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। स्वागत काफिला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया से प्रारंभ होकर चांदनी चौक, शाहपुर मार्केट और बूढ़नपुर होते हुए अतरौलिया सर्किट हाउस पहुंचा। शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए अनिल निषाद ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे।
आगामी रणनीतियों का खुलासा करते हुए प्रदेश सचिव ने कहा कि इस बार पार्टी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। लक्ष्य केवल अतरौलिया ही नहीं, बल्कि अतरौलिया और सगड़ी दोनों विधानसभा क्षेत्रों से निषाद पार्टी के सिंबल पर विधायक जिताकर विधानसभा भेजने का है, ताकि समाज और क्षेत्र की जनसमस्याओं का स्थायी समाधान कराया जा सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द अतरौलिया विधानसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का एक ऐतिहासिक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जो पूर्वांचल का अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम होगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *