वृद्धाश्रम बना सेवा और संस्कार का प्रतीक

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आधुनिक समय में जहां संयुक्त परिवारों का स्वरूप लगातार सिमटता जा रहा है और कई बुजुर्ग अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में उपेक्षा का दर्द झेलने को विवश हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायी पहल शनिवार की शाम बिलरियागंज विकासखंड के ग्राम गांगेपुर में देखने को मिली, जहां स्वर्गीय सिंगारी देवी की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में उनके पुत्र द्वारा सिंगारी देवी सेवा ट्रस्ट वृद्धाश्रम का उद्घाटन किया गया।
वृद्धाश्रम का निर्माण गांव निवासी एवं ट्रस्ट के संस्थापक-प्रबंधक सुरेंद्र राय द्वारा अपनी माता स्वर्गीय सिंगारी देवी की याद में कराया गया है। मुख्य अतिथि के रूप में सत्येंद्र राय उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सिंगारी देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सत्येंद्र राय ने कहा कि हर व्यक्ति अपने और अपने परिवार के लिए जीवन जीता है, लेकिन समाज के लिए कुछ कर गुजरने वाले लोग ही वास्तव में प्रेरणा के स्रोत बनते हैं। वृद्धाश्रम का निर्माण केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि उन बुजुर्गों के लिए सम्मान और सहारे का घर तैयार करना है, जिन्हें जीवन के अंतिम पड़ाव में अपनापन और देखभाल की आवश्यकता होती है।
संस्थापक सुरेंद्र राय ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम को सांस्कृतिक और साहित्यिक रंग देने के लिए भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसका संचालन कवि विजेंद्र करुण ने किया। कवि संदीप गांधी ‘नेहाल’ ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत की।
इस अवसर पर रूद्रप्रकाश राय, अशोक कुमार राय, पुनीत राय, अभय कुमार राय, राजेश राय, मनोज राय, सूरज प्रकाश राय, सुरेश राय, विजयी यादव, नूर आलम आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *