लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत लालगंज के रविदास नगर मोहल्ला स्थित नहर के समीप रविवार देर रात पड़ोसियों ने एक परिवार पर हमला कर जमकर पिटाई कर दी। घटना में माता-पिता सहित दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
मऊ जनपद के मिर्जा हाजीपुरा निवासी अनिल कुमार पुत्र जवाहिर बासफोर (धरकार) लगभग 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ लालगंज में रहकर बांस व सफेदा का काम करते हैं। व्यवसाय को लेकर काफी दिनों से पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था। रविवार की देर रात विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने लाठी-डंडे, रॉड व पंचों से हमला कर दिया। हमले में बादल 20 वर्ष पुत्र अनिल कुमार तथा राजा 18 वर्ष पुत्र अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सोनी पत्नी अनिल कुमार व अनिल कुमार पुत्र जवाहिर निवासी कटघर, लालगंज भी घायल हुए।
गंभीर हालत में परिजन घायलों को लेकर पुलिस चौकी लालगंज पहुंचे। उस समय क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पाण्डेय भी चौकी पर मौजूद थे। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, आजमगढ़ भेजने की सलाह दी। परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि डाक्टरों ने उचित उपचार नहीं किया। वहीं, घायल सोनी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावर मंगलसूत्र व पायल भी छीन ले गए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद