प्रतापपुर के बेलाखास गांव में सपा के दिग्गज नेता को दी गई भावभीनी श्रद्धांजली
प्रयागराज (सृष्टि मीडिया)। मुलायम सिंह उत्तर भारत के बड़े समाजवादी और किसान नेता रहे हैं। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले मुलायम सिंह ने अपना राजनीतिक जीवन उत्तर प्रदेश में विधायक के रूप में शुरू किया था। देश की राजनीति में उनका अलग स्थान था। उनकी कमी हम लोगों को हमेशा खलती रहेगी। समाजसेवा करते हुए बहुत कम समय में ही मुलायम सिंह का प्रभाव पूरे प्रदेश में नजर आने लगा। मुलायम सिंह ने यूपी में अन्य पिछड़ा वर्ग समाज का सामाजिक स्तर को ऊपर करने में महत्वपूर्ण कार्य किया। सामाजिक चेतना के कारण उत्तर प्रदेश की राजनीति में अन्य पिछड़ा वर्ग का महत्वपूर्ण स्थान हैं। उक्त बातें प्रतापपुर के प्रधान संध के अध्यक्ष अर्जुन सिंह यादव ने बेलाखास गांव में सपा नेता रामजतन यादव के निवास पर आयोजित समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा में कही।

मुलायम के संघर्ष को भी किया नमन
इसी कड़ी में रामजतन यादव ने कहा कि मुलायम सिंह सैफई की धरती से संघर्ष के रास्ते को अख्तियार करते हुए पूरे देश के किसानों, गरीबों, अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों के लिए संघर्ष करते रहे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी ही नहीं बल्कि देश के समाजवादी आंदोलन को अपूर्णीय क्षति हुई है। इसके पूर्व गाँव के सैकड़ों सपा नेताओं ने मौके पर उपस्थित होकर मुलायम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान डॉ. अवधेश यादव, अच्छेलाल पटेल, एडवोकेट अनिल यादव, अभिषेक यादव, राहुल यादव, राजेश मौर्य, राजकुमार प्रजापति आदि लोग रहे।