पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में अपने क्षेत्र से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और विभागीय लापरवाही के चलते आज़मगढ़, जौनपुर और वाराणसी के नागरिक लगातार परेशानियां झेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज़मगढ़-वाराणसी मार्ग, जो आगे बौद्ध सर्किट के तहत लुंबिनी तक जाता है, पिछले 10 वर्षों से निर्माणाधीन है। जौनपुर ज़िले में लगभग 18 किलोमीटर हिस्सा अब तक केवल दो लेन में ही पड़ा हुआ है, जबकि पूरा मार्ग फोर लेन घोषित है। उन्होंने कहा कि इसी अधूरी सड़क के कारण यात्रियों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ता है। सांसद ने कहा कि इस शेष 18 किमी हिस्से का शीघ्र फोर लेन निर्माण कराया जाए।
सांसद ने कोटिला टोल प्लाज़ा की मनमानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टोल कर्मियों ने आसपास के संपर्क मार्गों पर लोहे के बैरियर लगा दिए हैं, जिससे आम लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। स्कूल बसों तक को इन मार्गों से नहीं गुजरने दिया जा रहा, जिससे बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एनएचएआई की इस मनमानी को तुरंत रोका जाए। उन्होंने पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता थोपे जाने को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि टीईटी लागू होने के बाद नई नियुक्तियों पर यह नियम लागू होना चाहिए, न कि पहले से नियुक्त शिक्षकों पर। शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए संविधान संशोधन अथवा अध्यादेश लाया जाए, ताकि उनके अधिकारों और रोजगार को संरक्षित किया जा सके।
रिपोर्ट-बबलू राय