महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में सरयू नदी के बढ़ते कटान से प्रभावित देवरांचल में ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नदी की तेज धारा के चलते खेतों और आबादी पर खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नफीस अहमद शनिवार शाम कटान प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लेने का कोरम पूरा करते नजर आये।
अपने दौरे में वे न तो प्रभावित हो रहे ग्रामीणों से बातचीत की न ही समस्याएं सुनीं सिर्फ किनारे तक गये और प्रदेश सरकार पर ठीकरा फोड़ते नज़र आये। उन्होंने सरकार और सरकारी तंत्र की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कटान की समस्या के लिए शासन-प्रशासन व सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कटान सहित अनेक समस्याओं का जिक्र करते हुए पत्रकारवार्ता के जरिए प्रभावित के प्रति संवेदना दिखाया और सरकार का दोष बताकर निकल गये।
विधायक के दौरे के बाद राजनीतिक सवाल भी उठने लगे हैं कि जब नदी हर साल अपना रास्ता बदलकर ग्रामीणों के घर-खेतों तक पहुंचती है, तब केवल मौके पर पहुंचकर स्थिति देखना और सरकार को कटघरे में खड़ा करना पर्याप्त होगा या जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पैरवी भी करेंगे?
ग्रामीणों का दर्द केवल बयानबाजी से कम नहीं होगा। उन्हें तत्काल सुरक्षा, राहत और प्रशासनिक सहयोग के साथ भविष्य के लिए ठोस योजना की जरूरत है। ऐसे में निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि विधायक के दौरे और सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद कटान प्रभावित क्षेत्र के लिए वास्तव में कौन से ठोस कदम उठाए जाते हैं।
सरयू की लहरें जहां जमीन को लगातार निगल रही हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारी को लेकर सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी तेज होता दिखाई दे रहा है। अब ग्रामीणों को बयान नहीं, बल्कि धरातल पर राहत और स्थायी समाधान का इंतजार है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र