महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक के देवारा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों ने सोमवार को दौरा किया। देवारा में आई बाढ़ का निरीक्षण कर शिवपुर ढाला पर बाढ़ राहत सामग्री का वितरण भी किया।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ‘दयालु’ व सुरेश राही ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान बाढ़ से विस्थापित हुए लोगों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना और जिलाधिकारी को बाढ़ पीड़ितों के राहत के लिए निर्देश देते हुए आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। बाढ़ राहत सामग्री बांटने से पहले मंत्री ने बाढ़ राहत सामग्री पैकेट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने कर्तव्यों के प्रति संजीदा है इसीलिए हम दोनों मंत्री बाढ़ की स्थिति देखने यहां आए हैं और यहां की स्थिति समझने के बाद बाढ़ से स्थायी निदान की कार्य योजना तैयार कर कार्य किया जाएगा। ताकि ऐसी त्रासदी क्षेत्र को झेलना न पड़े। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को यह निर्देश दिया गया है कि बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर जल्द से जल्द पीड़ितों को उनके हक का मुआवजा उपलब्ध कराया जाय। साध्य व असाध्य क्षेत्र के सवाल पर उन्होंने निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। इस मौके पर भाजपा नेता सत्येंद्र राय, सुनील जायसवाल, विशाल सेठ, राधेश्याम सिंह गुडडू, सुशील राय, रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा