नवजात शिशुओं को ठंड से बचाना बेहद जरूरी: एसीएमओ

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला महिला चिकित्सालय में चल रहे नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के अंतिम दिन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि सर्दी के मौसम में नवजात शिशुओं की देखभाल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। नवजात का शरीर तापमान तेजी से खो सकता है, जिससे हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान सामान्य से कम होना) जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए अभिभावकों को बच्चों को गर्म कपड़ों और कंबल में सुरक्षित तरीके से लपेटकर रखना चाहिए। साथ ही ठंडी हवा से बचाव के लिए खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पर्दों का इस्तेमाल करने जैसे उपाय अपनाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि कम वजन और समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा सामान्य नवजात शिशुओं की अपेक्षा अधिक रहता है। इसलिए ऐसे बच्चों की देखभाल में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। नवजात को अनावश्यक रूप से ठंडे वातावरण में बाहर ले जाने से बचना चाहिए।
डॉ. पांडेय ने प्रसव के दौरान भी तापमान नियंत्रण को बेहद महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के माध्यम से माताओं, अभिभावकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को नवजात शिशुओं की सुरक्षा, तापमान नियंत्रण और विशेष देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर डॉ.ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ. सुमन, डॉ.पंकज यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *