अवैध गैस रिफलिंग का भंडाफोड़

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंजरा दिलशादपुर बाजार में संचालित एक अवैध गैस रिफलिंग केंद्र का भंडाफोड़ किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा की गई छापेमारी में मौके से भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफलिंग उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आपूर्ति विभाग की टीम ने अजमतगढ़-नदवा सराय मुख्य मार्ग स्थित कंजरा दिलशादपुर बाजार में छापेमारी की। जांच में पाया गया कि शिवकुमार पुत्र पतिराम द्वारा बनाए गए कटरे में सुरेन्द्र प्रताप पुत्र लिल्लू निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर, थाना जीयनपुर अवैध रूप से गैस रिफलिंग का कारोबार संचालित कर रहा था।
टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी सुरेन्द्र प्रताप एक 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर से दूसरे खाली घरेलू सिलेंडर में गैस भरता हुआ पाया गया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह चोरी और कालाबाजारी के जरिए आसपास से घरेलू गैस सिलेंडर जुटाता था तथा प्रत्येक सिलेंडर से एक से पांच किलोग्राम तक गैस निकालकर दूसरे खाली सिलेंडरों में भरकर ऊंची कीमतों पर बेचता था।
छापेमारी के दौरान दुकान में कुल 17 घरेलू गैस सिलेंडर तथा पांच किलोग्राम क्षमता का एक सिलेंडर बरामद हुआ। प्रशासन द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है तथा अवैध गैस कारोबार में जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *