आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन आजमगढ़ पर परीक्षा के दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के तहत प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय एवं ट्रेनों में गहन जांच की गई। प्लेटफार्म पर मौजूद परीक्षा प्रतिभागियों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे परीक्षा अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों की जानकारी दी गई और उन्हें सही दिशा-निर्देश देकर जागरूक किया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन ने बताया कि होमगार्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ के बाद संतोषजनक जवाब मिलने पर उन्हें जाने दिया गया। साथ ही यात्रियों एवं अभ्यर्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार