अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सावन माह के पावन अवसर पर कांवरिया संघ पकड़ी, अहरौला के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारा रविवार को शाम 4 बजे से प्रारंभ हुआ, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर संचालित रहा। भंडारे में क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांवड़ियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए व्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरण कराया। आयोजकों ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा और भक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष इस भंडारे का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में सभी धर्मप्रेमियों से प्रसाद ग्रहण करने की अपील भी की गई। इस अवसर पर अंगद गुप्ता, मनोज गुप्ता, सुनील सोनी, श्रवण गुप्ता, अमित गुप्ता, सुनील यादव तथा पंकज गुप्ता सहित अनेक लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
रिपोर्ट-संतोष चौबे