सिख श्रद्धालुओं का जमावड़ा, तीन दिवसीय गुरुमत समागम प्रारंभ

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बा में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब के दरबार साहिब में आयोजित तीन दिवसीय गुरुमत समागम श्री अखण्ड साहिब की शुक्रवार को शुरुआत हो गई। समागम में शामिल होने के लिए सिख श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। वाराणसी के पाठी सिंहों ने पाठ में भाग लिया। इस पाठ का समापन रविवार को होगा। गुरुद्वारा में श्री अखण्ड साहिब का पाठ मुख्यग्रंथी बाबा सतनाम सिंह द्वारा शुरू किया गया।
मुख्यग्रंथी बाबा सतनाम सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेला गुरुमत समागम होता है। इस समागम में देश के कोने-कोने से भक्त आते हैं। अखाड़ा के संत सिपाही नगर कीर्तन के समय प्राचीन अस्त्र शस्त्र के साथ युद्ध कला का प्रदर्शन विशेष आकर्षण होता है। तीन दिनों तक अखंड सबद कीर्तन का आयोजन दीवान हाल में होता है। तीन दिन तक लगातार अटूट लंगर चलता रहता है। शुक्रवार की शाम गुरु का ताल आगरा के बाबा प्रीतम सिंह संगतों के साथ निजामाबाद पहुंचे।
इस गुरुद्वारे की सिख धर्म मे विशेष मान्यता है। यह गुरु नानक देव और गुरु तेग बहादुर की तपो स्थली होने के चलते बेहद आस्था की नजर से देखा जाता है। इसी गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी की चरण पदुका भी मौजूद है। गुरु नानकदेव, गुरु तेग बहादुर, बाबा श्रीचंद ने इस पवित्र स्थली पर तप किया था। यहां गुरुओं की चरण पादुका के साथ ही साथ उनके अस्त्र-शस्त्र भी मौजूद हैं। गुरुद्वारे में 31 हस्तलिखित गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए देशभर से सिख आते हैं। थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह हमराहियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *