बीज के लिए राजकीय कृषि बीज भंडार पर किसानों का जमावड़ा

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रबी की बुवाई का समय नजदीक आने के साथ ही किसान खाद और बीज की व्यवस्था में जुट गए हैं। इसके लिए किसान सरकारी संस्थानों और गोदामों का चक्कर लगा रहे हैं। खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान बीज खरीदकर सुरक्षित रखने में जुटे हैं। सोमवार को राजकीय कृषि बीज भंडार फूलपुर पर बीज लेने के लिए किसानों की भीड़ लगी रही।
राजकीय कृषि बीज भंडार पर गेहूं की डीबीडब्ल्यू-327 और डीबीडब्ल्यू-303 प्रजातियों का बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा चना, मटर और सरसों के बीज भी अनुदान पर उपलब्ध हैं। बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को पहले बुकिंग करानी पड़ रही है। इसके बाद ई-पास मशीन पर अंगूठा लगाने पर ही अनुदान का लाभ मिल रहा है। इस प्रक्रिया के चलते भी बीज भंडार पर किसानों की भीड़ जुट रही है।
राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी मोतीलाल और सहायक विकास अधिकारी कृषि चंद्रकेश यादव ने बताया कि केंद्र पर गेहूं, चना, मटर और सरसों के बीज उपलब्ध हैं। सभी प्रजातियों के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। बुकिंग कराने के बाद ई-पास मशीन पर अंगूठा लगाने वाले किसानों को तत्काल अनुदान का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं के बीज का मूल्य 4,738 रुपये प्रति कुंतल है, जिस पर 2,340 रुपये प्रति कुंतल अनुदान दिया जा रहा है। अब तक 141 कुंतल गेहूं का बीज अनुदान के साथ किसानों को वितरित किया जा चुका है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *