आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी फूलपुर के कुशल पर्यवेक्षण में थाना फूलपुर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई से अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज, ठग गिरोह के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण, 2 लाख 90 हजार नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, तीन चारपहिया वाहन व चार मोबाइल बरामद हुआ।
बीते 20 नवम्बर को राजकुमार साव निवासी कस्बा व थाना फूलपुर द्वारा सूचना दी गई कि उनकी पत्नी आशा देवी को झाड़-फूंक व बीमारी ठीक करने के बहाने ठगों ने बहला फुसलाकर सोने के गहने व नगद 15-20 हजार रुपये एक पन्नी में लेकर ठगी कर ली। इस संबंध में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। 28 दिसम्बर 2024 को थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत एक टप्पेबाजी की घटना हुई थी, जिसमें थाना कोतवाली पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
शनिवार को थाना फूलपुर पुलिस व स्वाट टीम द्वारा खानजहांपुर पुलिस बूथ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिलारमऊ चिरैया मोड़ रोड पर घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी समय अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में ठगी किया गया सामान, नकदी, अवैध असलहा व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में असगर अली पुत्र सुभानी निवासी कुन्दनगंज, थाना बछरावा, जनपद रायबरेली, मोहम्मद कलीम पुत्र मोहम्मद सलीम, मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू पुत्र मोहम्मद शरीफ व रुकसाना पत्नी मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू निवासीगण पटेल नगर कॉलोनी थाना बछरावा जनपद रायबरेली शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हम सभी ने मिलकर कस्बा फूलपुर में टप्पेबाज़ी की घटना की थी। इस घटना को अंजाम देने में मो. सलीम उर्फ बब्लू, असगर, सलमान पुत्र मो.रफ़ी निवासी पटेल नगर, थाना बछरावां, जनपद रायबरेली सम्मिलित थे। घटना के दौरान सड़क पर एक चारपहिया वाहन में रुकसाना और कलीम थोड़ी दूरी पर बैठे रहते थे। जब भी किसी महिला को झांसे में लेने में कठिनाई होती थी, तो रुकसाना मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान बताने के बहाने उसका विश्वास जीत लेती थी, जिससे हम लोग ठगी कर लेते थे। हम लोग ठगी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए चारपहिया वाहनों को बदल-बदल कर प्रयोग करते थे।
इससे पूर्व भी हम लोगों ने मिलकर आजमगढ़ शहर, बलिया, मऊ तथा अन्य कई जनपदों में ठगी की अनेक घटनाएं की हैं। कस्बा फूलपुर में वृद्ध महिला से ठगी किए गए कुछ जेवरातों को लखनऊ और कानपुर ले जाकर 7,32,000 में बेच दिया गया था।
रिपोर्ट-सुबास लाल