महिला शिकायतों के निस्तारण पर जोर

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन के निर्देश पर शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर स्थित मीटिंग कक्ष में एसडीएम निकेत वर्मा की अध्यक्षता में स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील क्षेत्र से पहुंचीं शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
पिंक समाधान दिवस में महिलाओं की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए उनकी शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीएम निकेत वर्मा ने शासन के निर्देशों के क्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने शारदीय नवरात्र के दौरान जागरूकता कार्यक्रमों और पैदल मार्च के माध्यम से आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, यातायात नियमों की जानकारी देने, महिला संरक्षण गृहों का भ्रमण करने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। एंटी रोमियो स्क्वॉड के माध्यम से सघन कार्रवाई करने तथा निजी टैक्सी वाहनों की जांच करने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर समाज कल्याण अधिकारी गौरव यादव, प्रभारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण कुमार, अवर अभियंता विद्युत देवेंद्र प्रताप सिंह, तन्मय पांडेय, राजस्व निरीक्षक अंगद यादव, अंकित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बूढ़नपुर प्रतिनिधि के अनुसार बूढ़नपुर तहसील में स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 33 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए, लेकिन एक भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी विजय कुमार सिंह, गौर नीरज तिवारी, संजय मिश्रा, मनीष आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *